जांजगीर (ऐश्वर्य सीजी24 न्यूज) जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरगहनी में पुरानी जमीन के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग व्यक्ति से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिरगहनी निवासी परदेशी बरेठ (66 वर्ष) ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 16 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह गांव के चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान उनके भतीजे सोनाराम बरेठ और नेतराम बरेठ वहां पहुंचे और पुरानी जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार विरोध करने पर सोनाराम बरेठ ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा उनका हाथ मरोड़ दिया। वहीं नेतराम बरेठ भी मारपीट के लिए उकसाता रहा। घटना के दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। शोर सुनकर उनकी पत्नी फुलबाई बरेठ मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उन्हें वहां से ले गईं।
मारपीट में शिकायतकर्ता के आंख के पास तथा हाथ में चोट आने की बात कही गई है। घटना की जानकारी उन्होंने अपने पुत्र को देने के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।









