सक्ती (ऐश्वर्य सीजी24 न्यूज) हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से सक्ती शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अटल परिसर से भारत माता चौक तक निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ कदमताल की। “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। यात्रा के दौरान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। तिरंगा थामे कलेक्टर, एसपी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी देश के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव प्रदर्शित करते नजर आए।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, टिकेश्वर गबेल, अभिषेक शर्मा, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर अरुण सोम, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।














