चांपा (ऐश्वर्य सी जी 24 न्यूज़) चांपा नगर में पोस्ट ऑफिस एजेंट के माध्यम से मोटी रकम निवेश करने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चांपा पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार गुप्ता उर्फ कांतू को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है।

📌 घर के बाहर टेंट लगाकर पीड़ितों ने किया था प्रदर्शन
यह पूरा विवाद पिछले कई महीनों से सुलग रहा था। पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने आरोपी एजेंट को पोस्ट ऑफिस में जमा करने के लिए बड़ी रकम सौंपी थी, लेकिन उसने पैसे मुख्य खाते में जमा ही नहीं किए। काफी समय तक जब पैसे वापस नहीं मिले, तो परेशान होकर पीड़ितों ने इसी साल मई महीने में आरोपी के घर के बाहर टेंट लगाकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।

⚖️ थक-हारकर पहुंचे थाना, पुलिस जांच में जुटी
लंबे समय तक चक्कर काटने और आश्वासन के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली, तब पीड़ितों ने चांपा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, धोखाधड़ी का शिकार होने वाले लोगों की संख्या काफी बड़ी हो सकती है।

🔍 जांच के बाद खुलेगा कुल रकम का राज
पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी ने कुल कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और धोखाधड़ी की कुल राशि कितनी है। गौरतलब है कि चांपा में पोस्ट ऑफिस एजेंट बनकर धोखाधड़ी करने का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी ऐसे वाकये सामने आ चुके हैं। इस नई घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चर्चा का माहौल है।










