चांपा(ऐश्वर्य सीजी 24 न्यूज) नगर पालिका परिषद चांपा के नागरिकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अधोसंरचना मद के तहत 595.61 लाख रुपये (5 करोड़ 95 लाख 61 हजार रुपये) की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस भारी-भरकम राशि से नगर के सभी 27 वार्डों में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।
इन प्रमुख कार्यों से बदलेगी शहर की तस्वीर
इस राशि से नगरवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा किया जाएगा। स्वीकृत योजनाओं के तहत वार्ड क्रमांक 1 से 27 तक निम्नलिखित कार्य कराए जाएंगे:-
सड़कें और आवागमन: विभिन्न मोहल्लों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में सी.सी. सड़क निर्माण व डामरीकरण।
जल निकासी व्यवस्था: जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए आर.सी.सी. नाली निर्माण।
बुनियादी ढांचा: पुलिया, रिटेनिंग वॉल और पेवर ब्लॉक निर्माण।
सामाजिक एवं पर्यावरण विकास: सामुदायिक भवन निर्माण, उद्यान (पार्क) का विकास व उन्नयन।
आस्था और सम्मान: मुक्तिधामों का निर्माण-उन्नयन तथा नदी घाट एवं मुक्तिधाम तक पहुंच मार्गों का निर्माण।

बरसात में जलभराव से मिलेगी बड़ी राहत
लोक निर्माण विभाग (PWD) के सभापति संजय सोनी ने कहा कि इन कार्यों से नगर के आधारभूत ढांचे (Infrastructure) को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि नई आर.सी.सी. नालियों के बनने से बरसात के मौसम में होने वाली जलभराव की समस्या से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। सभी वार्डों को शामिल करने से शहर का समग्र और संतुलित विकास होगा।
गुणवत्ता और समय-सीमा का रखा जाएगा खास ध्यान
मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) राम संजीवन सोनवानी ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि स्वीकृत सभी कार्यों को बेहद जल्द धरातल पर शुरू किया जाएगा। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य की गुणवत्ता और इसे समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि जनता को इसका लाभ तुरंत मिल सके।








