
मणिपुर के सेनापति जिले के कुकी ताफौ और लियांगमई नागा ताफौ गांवों में सोमवार सुबह अज्ञात हथियारबंद लोगों ने कई नागा घरों में आग लगा दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय घरों में लोग मौजूद थे, उनकी मौत की आशंका है। गांव निवासी पॉल चावांग ने आरोप लगाया कि इम्फाल-गुवाहाटी बस सेवा जारी रहने के विरोध में कुकी समूह ने हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने आग बुझाने पहुंची दमकल टीम को भी रोकने की कोशिश की। हालांकि, हमले में किसकी भूमिका थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… नागपुर में क्लोरीन गैस लीक, 40 से ज्यादा लोग बीमार; खांसी और सांस लेने में दिक्कत महाराष्ट्र के नागपुर के गोधनी इलाके में देर रात करीब 1 बजे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस लीक हो गई। 900 किलो क्षमता वाले सिलेंडर से गैस निकलकर आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गई। इससे 40 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों को खांसी और सांस लेने में परेशानी हुई। पुलिस और प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड, ऑरेंज सिटी वाटर और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। कुछ लोगों को स्पर्श अस्पताल और मेयो अस्पताल ले जाया गया। करीब साढ़े चार घंटे चले ऑपरेशन के बाद गैस रिसाव की तीव्रता कम हुई। टीम ने सिलेंडर को निकालकर कास्टिक सोडा वाले पानी के टैंक में डुबो दिया, जिससे जहरीली गैस को न्यूट्रलाइज किया जा सके। IIT दिल्ली के छात्र की मौत को लेकर JNU छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के छात्रों ने IIT दिल्ली के MSc फिजिक्स के सेकेंड ईयर के छात्र की मौत के मामले को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी छात्र की मौत को लेकर जवाबदेही और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे। महाराष्ट्र के अमरावती में जिला अस्पताल के चाइल्ड केयर यूनिट में आग, 3 नवजातों की मौत महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीसरी मंजिल पर वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगी। उस समय NICU में 39 नवजातों का इलाज चल रहा था। आग लगने के बाद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत बच्चों को NICU से बाहर निकाला। इस दौरान 3 नवजातों की मौत हो गई, जबकि 6 बच्चों को आगे के इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बंगाल में TMC नेता के गैराज में दो बम मिले पश्चिम बंगाल के हवाड़ा में जगतबल्लवपुर में तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य शेख मुस्ताकिन के घर के पास एक गैरेज से दो बम बरामद हुए। स्थानीय लोगों द्वारा पंचायत सदस्य पर भ्रष्टाचार और “कट मनी” लेने का आरोप लगाकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान बम मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस मौके पर पहुंची और बमों को सुरक्षित जब्त कर लिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि बम वहां कैसे लाए गए और इसके पीछे कौन था। आंध्र प्रदेश: पुलिस की गाड़ी का ब्रेक फेल, एक की मौत, दो घायल आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में ब्रेक फेल होने से पुलिस की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में कांस्टेबल वेंकट रमना की मौत हो गई, जबकि SI नागेंद्र प्रसाद और ड्राइवर राजाबाबू घायल हो गए। तीनों एक जांच के लिए कोंडाकरकम गांव जा रहे थे। घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। संसद 10 दिन पहले ही स्थगित, मानसून सत्र औपचारिक रूप से खत्म नहीं संसद के दोनों सदन 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गए, लेकिन 10 दिन बाद भी मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है। रविवार सुबह तक इसकी अधिसूचना जारी नहीं हुई थी। आमतौर पर स्थगन के 3-4 दिन में यह प्रक्रिया पूरी हो जाती है। इससे महिला आरक्षण लागू करने से जुड़े परिसीमन वाले बिल को बिना नया सत्र बुलाए फिर लाने की अटकलें हैं। सरकार बजट सत्र में बिल पारित नहीं करा पाई थी। 17 अप्रैल को लोकसभा में 528 सांसदों ने मतदान किया था। पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट जरूरी थे। दक्षिणी राज्यों की आपत्तियों के बाद सरकार ने लोकसभा सीटें समान रूप से 50% बढ़ाने का फॉर्मूला तैयार किया है। देश में एच1एन1 का कोई नया स्वरूप नहीं, घबराने की जरूरत नहीं : आईसीएमआर नई दिल्ली देश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच आईसीएमआर ने रविवार को राहत की बात कही। परिषद ने साफ किया कि एच1एन1 का कोई नया स्वरूप (नया स्ट्रेन) सामने नहीं आया है। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। अभी फैल रहा इन्फ्लुएंजा ए (एच1एन1) पीडीएम 09 वायरस ए/मिसौरी/11/2025 जैसा है। आईसीएमआर के मुताबिक मौसमी इन्फ्लुएंजा आमतौर पर अपने आप ठीक हो जाता है। बुखार, खांसी और बदन दर्द इसके प्रमुख लक्षण हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों में खतरा ज्यादा है। NSA अजित डोभाल आज चीन पहुंचेंगे, सीमा विवाद पर बातचीत करेंगे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल सोमवार को चीन पहुंचेंगे। वे मंगलवार को चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ सीमा विवाद पर 25वें दौर की विशेष प्रतिनिधि वार्ता करेंगे। यह बैठक 12-13 सितंबर को दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स समिट से पहले हो रही है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, सीमा पर शांति बेहतर द्विपक्षीय संबंधों की पहली शर्त है। महाराष्ट्रः 13 साल से कम उम्र तो कोचिंग सेंटरों में नो एंट्री महाराष्ट्र सरकार ने निजी कोचिंग सेंटरों के नियमन के लिए कानून का ड्राफ्ट जारी किया है। इसमें रोज अधिकतम 5 घंटे की कक्षाएं और 13 साल से कम उम्र के बच्चों के दाखिले पर रोक प्रस्तावित है। 25 से ज्यादा छात्रों वाले सेंटरों का रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा। कोर्स बीच में छोड़ने पर फीस 10 दिन में लौटानी होगी।





