
कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के दंडोटी स्थित मुरारजी देसाई हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद 50 स्टूडेंट्स की तबीयत बिगड़ गई। सभी छात्रों को पेट दर्द की शिकायत होने पर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें 31 छात्रों को चित्तापुर अस्पताल, 10 को गुंडगुर्ती अस्पताल, 5 को मलखेड़ अस्पताल और 1 छात्र को दंडोटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई छात्रों की हालत गंभीर है। मामले की जानकारी मिलने पर कलबुर्गी के डिप्टी कमिश्नर इकरामुल्ला शरीफ और जिला स्वास्थ्य अधिकारी शरणबसप्पा चित्तापुर अस्पताल पहुंचे। पानी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… वायनाड लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 7 हुई, एक और शव मिला; एक व्यक्ति अब भी लापता केरल के वायनाड में हुए लैंडस्लाइड के मलबे से शुक्रवार को एक और शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक, राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है और एक व्यक्ति अब भी लापता है। सर्च टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। नासिक के धर्मांतरण केस में गर्भवती TCS कर्मचारी निदा खान को जमानत; कोर्ट ने फैसले में श्रीकृष्ण जन्म का दिया हवाला महाराष्ट्र के नासिक में धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले की आरोपी पूर्व TCS कर्मचारी निदा खान को अदालत ने जमानत दे दी है। अदालत ने कहा कि निदा पांच महीने की गर्भवती हैं और जेल में बच्चे को जन्म देने का मानसिक आघात किसी भी महिला के लिए असहनीय होता है। अदालत ने भगवान श्रीकृष्ण के जेल में जन्म का भी जिक्र किया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश केजी जोशी ने कहा कि नवजात के भविष्य और मां की स्थिति को देखते हुए आरोपी को जमानत देना सही है। अदालत ने यह भी माना कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल हो गई है, इसलिए आरोपी को जेल में रखने की जरूरत नहीं है। निदा खान को 7 मई को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया था। वह करीब 25 दिन से फरार थीं। निदा खान पर आरोप है कि उन्होंने अपनी एक सहकर्मी पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया। IVF क्लीनिकों की निगरानी सख्त, NCW ने विशेषज्ञ समिति बनाई देश में तेजी से बढ़ रहे असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (ART) सेक्टर में अनियमितताओं की बढ़ती घटनाओं के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने IVF क्लीनिकों से जुड़े कानूनों की समीक्षा के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) आशा मेनन करेंगी। समिति में न्यायपालिका, चिकित्सा, फॉरेंसिक विज्ञान, कानून प्रवर्तन, स्त्री रोग विशेषज्ञों, सार्वजनिक नीति और स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। बंगाल सरकार ने ASHA कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया, 1 अगस्त से ₹11,250 मिलेंगे पश्चिम बंगाल सरकार ने मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ASHA) के मासिक मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार ने ASHA कार्यकर्ताओं का मासिक निश्चित मानदेय 6,250 रुपए से बढ़ाकर 11,250 रुपए कर दिया है। नई दरें 1 अगस्त 2026 से लागू होंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से गुरुवार को जारी ज्ञापन में कहा गया है कि ASHA कार्यकर्ताओं के मासिक निश्चित मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव लंबे समय से राज्य सरकार के विचाराधीन था। सरकार का यह फैसला ASHA कार्यकर्ताओं के लंबे आंदोलन और लगातार उठाई जा रही मांगों के बाद आया है। दिल्ली में 1.08 करोड़ वोटरों तक पहुंचे SIR फॉर्म, 5.75 लाख आवेदन डिजिटाइज दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अब तक 1.08 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं, 5.75 लाख से अधिक भरे हुए फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो गया है। गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 9 जुलाई तक राजधानी के कुल 1,45,10,298 मतदाताओं में से 1,08,39,896 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 74.70 प्रतिशत है। TRS अध्यक्ष के. कविता ने कहा- पिता की पार्टी में नहीं जाऊंगी। तेलंगाना रक्षा सेना (TRS) की अध्यक्ष के. कविता ने अपने पिता के. चंद्रशेखर राव (KCR) की अगुवाई वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS) में वापसी की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह जीवनभर BRS में वापस नहीं जाएंगी। कोठागुडेम में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कविता ने कहा, "मैं जब तक जिंदा हूं, BRS में दोबारा शामिल नहीं होऊंगी। उनके साथ हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं है।" कविता ने आरोप लगाया कि BRS ने उनकी पार्टी के नाम के संक्षिप्त रूप 'TRS' को लेकर चुनाव आयोग में एक हजार शिकायतें भेजी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।





